Archive for September 12th, 2007
रूस ने बनाया ‘सबसे शक्तिशाली बम’
![]() |
||||
| राष्ट्रपति पुतिन ने पिछले दिनों रूस की सैन्य शक्ति को फिर से उभारना शुरु किया है | ||||
रूसी सेना ने हवा से गिराए जाने वाले एक बम का परीक्षण किया है. इस बम के बारे में दावा किया गया है कि यह सबसे शक्तिशाली पारंपरिक बम है.
सात टन वज़न वाले इस बम से भीषण विस्फोट होता है और एक विशालकाय आग का गोला पैदा होता है.
रुस के सरकारी टेलीविज़न ने इस बम की रिपोर्ट प्रसारित की है.
रूस ने यह बम विस्फोट करके ताक़त दिखाने की कोशिश ऐसे समय में की है जब कई सामरिक मुद्दों पर अमरीका के साथ उसके रिश्ते तल्ख़ चल रहे हैं.
सबसे शक्तिशाली
रूसी टेलीविज़न ने कहा है कि यह इतिहास का सबसे ताक़तवर ग़ैर-परमाणुविक बम है.
रूस ने इस बम को ‘डैड ऑफ़ ऑल बम्स’ कहा है और दावा किया है कि यह अमरीका के सबसे शक्तिशाली बम से चार गुना शक्तिशाली है जिसे अमरीका ने ‘मदर ऑफ़ ऑल बम्स’ नाम दिया हुआ है.
टेलीविज़न ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इसमें सिर्फ़ सात टन विस्फोटक है जबकि अमरीकी बम में आठ टन विस्फोटक होता है.
हालांकि रिपोर्ट में विस्फोटक का नाम नहीं बताया गया है लेकिन कहा गया है कि नैनो-टेक्नोलॉजी से विस्फोटक तैयार किया गया है.
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार अमरीकी बम में जहाँ 11 टन टीएनटी के बराबर विस्फोट क्षमता होती है वहीँ रूसी बम में 44 टन टीएनटी के बराबर विस्फोट क्षमता है.
अमरीकी बम की तुलना में रूसी बम के विस्फोट का इलाक़ा दो गुना (300 मीटर) है.
रूसी सेना ने कहा है कि यह बम परमाणु बम की तरह ताक़तवर है लेकिन इससे विकिरण जैसे किसी पर्यावरणीय नुक़सान का ख़तरा नहीं है.
विश्लेषक मानते हैं कि रुस इस बम के विस्फोट के ज़रिए दुनिया में अपनी सैन्य शक्ति को एक बार फिर स्थापित करना चाहता है.
from
BBCHindi
Add comment September 12, 2007
बच्चा पैदा करने की इनामी योजना
![]() |
||||
| इस साल एक दंपत्ति को इनाम में महँगी गाड़ी मिली | ||||
रूस में जनसंख्या घटने से अधिकारी इस क़दर चिंतित हैं कि उन्होंने ठीक नौ माह बाद बच्चा पैदा करने वाले दंपत्तियों को इनाम देने का फ़ैसला किया है.
रूस के उलयानोस्क इलाक़े के गर्वनर ने कहा है कि जो दंपत्ति ठीक नौ माह बाद रूस के राष्ट्रीय दिवस यानी 12 जून को बच्चा पैदा करेंगे उन्हें कार और टेलीविज़न जैसे तोहफ़े दिए जाएंगे.
गर्वनर सर्गेई मोरोज़ोव चाहते हैं कि इलाक़े के लोग समय निकाल कर संतानोत्पत्ति के प्रयास करें.
उन्होंने बुधवार को ‘परिवार संपर्क दिवस’ घोषित किया है ताकि रूस में घटती जनसंख्या के संकट से निपटा जा सके.
सोवियत संघ के विघटन के बाद रूस की आबादी में तेज़ गिरावट आई है.
उलयानोस्क में लगातार तीसरे वर्ष 12 जून को बच्चा पैदा करने वाले दंपत्तियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है.
इस साल ऐसे ही एक दंपत्ति को पुरस्कार के रूप में महँगी गाड़ी भेंट की गई.
ऐसा लग रहा है कि यह प्रोत्साहन योजना सफल हो रही है क्योंकि पिछले साल के मुक़ाबले इस साल जन्म-दर में साढ़े चार फ़ीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है.
जनसंख्या विशेषज्ञों का आकलन है कि इस सदी के मध्य तक रूस की जनसंख्या चार करोड़ घट सकती है जो वर्तमान जनसंख्या का लगभग एक तिहाई है.
इसी के मद्देनज़र रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी प्रोत्साहन योजना की शुरुआत कर चुके हैं जिसके तहत दूसरा या तीसरा बच्चा पैदा करने वाली महिला को नौ हज़ार डॉलर मिलेंगे.
Add comment September 12, 2007

